हिन्दी सिनेमा जगत के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर लंबे समय से न्यूयॉर्क में कैंसर का इलाज करवा रहे थे। फिलहाल उनके फैंस के लिए खास खबर है कि ऋषि कपूर मुंबई लौटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मिली जानकारी के मुताबिक कई दिनों से खबर आ रही थी कि वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर इस महीने वापस आएंगे। वहीं अब एक वेब पोर्टल के मुताबिक ऋषि कपूर आखिरकार गणेश विसर्जन से दो दिन पहले यानी 10 सितंबर को मुंबई लौट आएंगे।
ऋषि कपूर के न्यूयॉर्क जाने के बाद कपूर परिवार के दो बड़े स्तंभ खत्म हो गए। एक उनकी मां यानी कृष्णा राज कपूर जिनका निधन पिछले साल 1 अक्टूबर को हुआ था। ऋषि कपूर अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी नहीं पहुंच पाए। इसके कुछ समय बाद मई में कपूर खानदान को अपनी सबसे बड़ी धरोहर आरके स्टूडियो को बेचना पड़ा। उस वक्त भी ऋषि कपूर कैंसर का इलाज करवा रहे थे।
बता दें कि, इससे पहले रणधीर कपूर ने भी ये खुशखबरी दी थी कि ऋषि कपूर का 10 सितंबर को मुंबई आने का कार्यक्रम है। ऋषि मुंबई में धूमधाम से होने वाले गणपति विसर्जन से पहले मुंबई आ जाएंगे। आखिरकार अब जब वो वापस आ रहे हैं, तो कपूर परिवार के साथ उनके फैंस भी बेहद खुश होंगे।